नवा रायपुर बना प्रोफेशनल गोल्फ का नया ठिकाना, 132 खिलाड़ियों ने दी दस्तक

मुख्यमंत्री साय बोले- ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन’ छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा, कपिल देव ने हर साल टूर्नामेंट कराने की जताई इच्छा

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ तेजी से देश के उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ प्रदेश की खेल यात्रा में नया अध्याय जोड़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और देश-विदेश से पहुंचे प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ियों का स्वागत किया। इस अवसर पर 1983 क्रिकेट विश्वकप विजेता भारतीय टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्वयं गोल्फ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और शानदार शॉट लगाया।

132 प्रोफेशनल खिलाड़ी, 18 विदेशी भी शामिल

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े स्तर के आयोजन से छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी। साथ ही खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को करीब से देखने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

साय ने कहा कि कभी गोल्फ को लोग फिल्मों में ही खेलते हुए देखते थे, लेकिन आज छत्तीसगढ़ स्वयं प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। राज्य सरकार गोल्फ सहित विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने और बड़े आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

खेल प्रतिभाओं को मिल रहे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया है। प्रदेश में क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है। नेशनल ट्राइबल गेम्स के सफल आयोजन ने भी प्रदेश की खेल क्षमता को देश के सामने रखा है।

हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट : कपिल देव

कपिल देव ने छत्तीसगढ़ सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ टूर्नामेंट हर वर्ष आयोजित हो और आगामी वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।

कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और आने वाले समय में प्रदेश देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है।

खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ घूमने का न्योता

मुख्यमंत्री साय ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों से कहा कि वे टूर्नामेंट के साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति को भी करीब से देखें। उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात सहित प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी यहां से प्रतियोगिता की यादों के साथ छत्तीसगढ़ के आत्मीय आतिथ्य और प्राकृतिक सौंदर्य की स्मृतियां भी लेकर जाएं।

‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के आयोजन को नवा रायपुर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest