अजब-गजब! धमतरी जिला अस्पताल में 5 किलो की बच्ची का सामान्य प्रसव

मां और नवजात दोनों स्वस्थ, अस्पताल के इतिहास में ऐसा दूसरा मामला

धमतरी। जिला अस्पताल धमतरी में एक असामान्य प्रसव चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां 25 वर्षीय मनीषा साहू ने 5 किलोग्राम वजनी बच्ची को सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) से जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जिला अस्पताल के इतिहास में इतनी अधिक वजन वाली बच्ची का सामान्य प्रसव से जन्म लेने का यह दूसरा मामला है।

15 सितंबर को अस्पताल में हुई भर्ती

जानकारी के अनुसार गुरूर क्षेत्र के सरबदा निवासी रामेश्वर साहू की पत्नी मनीषा साहू की प्रसव तिथि निकल चुकी थी, लेकिन प्रसव पीड़ा शुरू नहीं हुई थी। इसके बाद परिजन उन्हें 15 सितंबर को धमतरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया।

15 दिन में बढ़ गया बच्ची का वजन

परिजनों के मुताबिक, 1 सितंबर को कराई गई सोनोग्राफी में गर्भस्थ बच्ची का वजन करीब 3.5 किलो बताया गया था। इसके बाद करीब 15 दिनों में बच्ची का वजन बढ़कर लगभग 5 किलो हो गया। 16 सितंबर को दोपहर 1 बजकर 1 मिनट पर मनीषा का सामान्य प्रसव हुआ और उन्होंने 5 किलो वजनी बच्ची को जन्म दिया। मनीषा की यह दूसरी बेटी है।

डॉक्टरों ने बताया मां-बेटी दोनों स्वस्थ

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रागिनी ठाकुर ने बताया कि प्रसव सामान्य तरीके से हुआ है। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य है और दोनों स्वस्थ हैं। 5 किलो वजन की बच्ची का सामान्य प्रसव से जन्म होना जिला अस्पताल में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest