नवरात्रि स्पेशल किटी में दिखी भक्ति, परंपरा और उत्साह की खूबसूरत झलक

रायपुर। रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सिक्स डिग्री कैफे में नवरात्रि स्पेशल किटी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्य नवरात्रि थीम पर पारंपरिक लहंगा-चोली एवं दुपट्टे में सजे हुए नजर आए। आउटफिट्स के साथ मैचिंग ज्वेलरी और विशेष रूप से सिल्वर ज्वेलरी ने सभी के लुक को और आकर्षक बनाया।

इस किटी में माँ दुर्गा के प्रति श्रद्धा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए एक विशेष गेम खेला गया। गेम में माँ दुर्गा की तस्वीर के सामने श्रृंगार से संबंधित कई चिट्स रखी गई थीं। प्रतिभागी द्वारा एक चिट उठाकर उसमें लिखे श्रृंगार के नाम एक मिनट के भीतर पढ़े जाते थे और उन सभी श्रृंगार सामग्री को माँ दुर्गा को अर्पित किया जाता था। इस रोचक गेम में दीया मूलचंदानी, पूजा चंडालिया एवं हर्षल छाजेड़ विजेता रहीं। इसी के साथ नवरात्रि स्पेशल हौजी भी खेली गई। माँ दुर्गा के प्रति सम्मान और श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए दोनों गेम्स के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपने फुटवियर उतारकर ही गेम में हिस्सा लिया।

गेम में भाविका रोहिरा, रिंकी अग्रवाल, पिंकी सोनकर एवं अनंदिता अग्रवाल ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और शानदार तरीके से गेम खेला।

किटी की होस्ट साक्षी माधवानी ने सभी सदस्यों का शुभ-लाभ हैंगिंग भेंट कर स्वागत किया। किटी में सभी ने डांडिया, फोटोशूट और रील्स के साथ नवरात्रि उत्सव का खूब आनंद लिया। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीया मूलचंदानी ने अपने ग्रुप के साथ नवरात्रि के डांडिया गीतों पर रील्स बनाईं। साथ ही इन दिनों वायरल हो रहे गीत “मैंने तेरे ही भरोसे, हनुमान सागर में नैया डार दई” पर भी रील बनाई गई। पूरे आयोजन में भक्ति, परंपरा, फैशन और मस्ती का खूबसूरत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest