‘30 दिन-30 सेवा कार्य’ के 9वें दिन ‘अपनापन’ अभियान, बच्चों के साथ बिताया आत्मीय समय
रायगढ़, 12 सितंबर। समाजसेवा को जनभागीदारी और संवेदनशीलता से जोड़ते हुए ‘30 दिन-30 सेवा कार्य संकल्प’ के 9वें दिन राष्ट्रपति अवॉर्डी सुश्री अलीशा अंसारी ने ‘अपनापन- A Day of Care and Connection’ अभियान चलाया। इसके तहत उन्होंने शारीरिक एवं मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के आश्रम का दौरा कर बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच खुशियां साझा कीं।
अभियान का उद्देश्य विशेष बच्चों के साथ आत्मीय जुड़ाव स्थापित करना और उन्हें अपनेपन का एहसास कराना रहा। आश्रम पहुंचकर अलीशा अंसारी ने बच्चों से बातचीत की तथा उनकी दिनचर्या, रुचियों और जरूरतों को करीब से जाना। इस दौरान स्नेह और खुशी के प्रतीक के रूप में सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई।
उन्होंने आश्रम की कार्यप्रणाली के साथ ही बच्चों की देखभाल, भोजन, शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही आश्रम की प्रमुख आवश्यकताओं, व्यवस्थाओं में सुधार की संभावनाओं तथा बच्चों की पसंद-नापसंद को लेकर भी चर्चा की।
अलीशा अंसारी ने कहा कि इस मुलाकात ने उन्हें यह सीख दी कि किसी के जीवन में खुशी लाने के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती। थोड़ा सा समय, स्नेह और अपनापन भी किसी के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के विशेष बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को और मजबूत करने की आवश्यकता है।
