तालाब, सड़क और विद्यालय परिसर की सफाई कर दिया स्वच्छता व सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
मनेन्द्रगढ़। गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में स्वच्छता दिवस का आयोजन किया गया। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में विद्यालय के शिक्षकों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
अभियान के दौरान शिक्षकों ने विद्यालय के सामने स्थित तालाब की साफ-सफाई की। इसके साथ ही सड़क और विद्यालय के आसपास के क्षेत्र से कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया।
विद्यालय के प्राचार्य अश्वनी वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छ और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। घर, विद्यालय, सड़क और जलस्रोतों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
विद्यालय की निदेशिका पूनम सिंह ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक शिक्षा वही है, जो पुस्तकों तक सीमित न रहकर जीवन और समाज में दिखाई दे। उन्होंने शिक्षकों के सामूहिक श्रमदान की सराहना की।
गांधी जयंती पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से विद्यालय ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। शिक्षकों के श्रमदान से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की प्रेरणा मिली।
