दल्लीराजहरा। शहर सहित आसपास के जंगल क्षेत्रों में जंगली भालुओं की लगातार हो रही मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। वन विभाग द्वारा भालुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा क्षेत्रवासियों को वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। विभाग की सक्रियता से मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जंगली भालुओं की उपस्थिति को लेकर वन विभाग की टीम द्वारा प्रभावित एवं संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। जंगल से लगे ग्रामीण क्षेत्रों और दल्लीराजहरा शहर के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग का प्रयास है कि वन्यजीव अपने प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सुरक्षित रहें और लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।
जिला वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जंगली भालुओं की मौजूदगी को लेकर वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। आदिवासी बाहुल्य डौंडी ब्लॉक सहित वन क्षेत्र से लगे इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और जंगली भालुओं से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है तथा वन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि जंगल अथवा जंगल से लगे क्षेत्रों में जंगली भालू दिखाई देने पर उनके नजदीक जाने, उन्हें छेड़ने या घेरने का प्रयास न करें। वन्यजीवों को सुरक्षित रास्ता देना ही मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा के लिए सबसे बेहतर उपाय है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति सामने आने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
वन विभाग की सक्रिय निगरानी और क्षेत्रवासियों को लगातार दी जा रही जागरूकता के कारण जंगली भालुओं की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ जंगल से लगे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
