गणेश प्रतिमा खरीदने आए युवक से मारपीट कर लूट, दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। गणेश प्रतिमा खरीदने धमतरी आए युवक को रास्ते में रोककर मारपीट और लूटपाट करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दस्तावेज, नकदी रकम और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व स्कूटी जब्त की गई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बोरिदकला, थाना पुरुर, जिला बालोद निवासी रोहित कुमार यादव (24) अपने साथियों के साथ 14 सितंबर को मोटरसाइकिल से गणेश प्रतिमा खरीदने धमतरी के कुम्हारपारा आ रहा था। दोपहर करीब 2 बजे रिसाईपारा म्युनिसिपल स्कूल के पास दो दोपहिया वाहनों में सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रोहित का पर्स लूटकर फरार हो गए।

पर्स में 10 हजार रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस तथा बैंक ऑफ बड़ौदा और ग्रामीण बैंक के एटीएम कार्ड रखे थे।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रार्थी के बताए हुलिए, घटनास्थल से मिले सुराग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रिसाईपारा क्षेत्र में दबिश देकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना में संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान **राजवीर सिंह उर्फ गिन्नी मेहरा (20), निवासी रिसाईपारा, धमतरी** और **राहुल उर्फ रोहित सोना (26), निवासी जालमपुर वार्ड, स्वीपर कॉलोनी, धमतरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने राजवीर के कब्जे से 1,000 रुपये नकद, प्रार्थी के आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, दो एटीएम कार्ड और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक **CG 05 AP 8201** बरामद की है। वहीं राहुल के कब्जे से 1,000 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस स्कूटी क्रमांक CG 05 AV 0124 जब्त की गई है।

थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 296, 306(5), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest