सेवा की कहानी: योजनाओं से आसान हुई श्रमिक परिवारों की राह

इलाज, लालन-पालन और पढ़ाई के लिए मिली आर्थिक मदद

रायगढ़ शासकीय योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो वह उनके लिए बड़ी राहत बन जाता है। रायगढ़ जिले में श्रमिक परिवारों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं से ऐसे ही सकारात्मक बदलाव की कहानियां सामने आ रही हैं। शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा श्रम विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजनाओं की जानकारी से लेकर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने तक विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है रायगढ़ के अमलीभौना निवासी सम्मेमती सिदार ने बताया कि सियान योजना के तहत उन्हें 20 हजार रुपये की सहायता मिली, जिसका उपयोग उन्होंने अपनी तबीयत खराब होने पर उपचार में किया। सम्मेमती ने बताया कि आर्थिक सहायता मिलने से इलाज के समय उन्हें काफी सहारा मिला। खरसिया निवासी विमला राजपूत ने बताया कि दोनों बच्चों को नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिला है। वहीं रैरूमा झरियापारा निवासी उर्मिला साहू ने बताया कि महतारी योजना के तहत बच्चे के लालन-पालन के लिए 20 हजार रुपये की सहायता मिली। धरमजयगढ़ निवासी नसरीन परवीन ने बताया कि श्रम विभाग में पंजीयन कराने के बाद उन्हें महतारी जतन योजना के तहत 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यह राशि उनके और उनके बच्चे के समुचित पोषण एवं देखभाल में बेहद मददगार साबित हो रही है। यह राशि बच्चे के लालन-पालन में उपयोगी रही।जिला श्रम पदाधिकारी घनश्याम पाणिग्रही ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन एवं लाभ की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। शिक्षा,स्वास्थ्य और परिवार से जुड़ी योजनाओं का लाभ मिलने से श्रमिक परिवारों को सीधे आर्थिक संबल मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest