नवापारा-राजिम। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से 7 अक्टूबर 2021 को पैदल भारत भ्रमण के लिए निकले घुमक्कड़ सौरभ देवांगन ने छह वर्षों की कठिन और रोमांचक यात्रा के दौरान देश के 28 राज्यों एवं 7 केंद्र शासित प्रदेशों का भ्रमण किया। करीब 20 हजार किलोमीटर की यह लंबी पैदल यात्रा पूरी करने के बाद अब सौरभ अपनी यात्रा के अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में वे धर्म नगरी राजिम पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया।
मूल रूप से बलौदाबाजार जिले के ग्राम पंचायत जारा निवासी सौरभ देवांगन ने बताया कि छह साल की इस यात्रा के दौरान उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को करीब से जानने का अवसर मिला। यात्रा में उन्हें कई खट्टे-मीठे अनुभव भी हुए। कहीं लोगों ने उन्हें अपनापन और भरपूर स्नेह दिया, तो कई स्थानों पर कठिन परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा और लगातार पैदल चलते हुए अपनी यात्रा जारी रखी।
सौरभ की इस यात्रा का उद्देश्य केवल भारत भ्रमण करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना भी रहा। वे जिन-जिन क्षेत्रों से गुजरे, वहां लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए जागरूक करते रहे। उन्होंने कई लोगों को पौधे भेंट किए और स्वयं भी विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया।
सौरभ ने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें देश की विविधता में एकता का अद्भुत अनुभव हुआ। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और रहन-सहन के बावजूद लोगों के बीच अपनापन और मानवता की भावना ने उन्हें लगातार प्रेरित किया।
घुमक्कड़ सौरभ देवांगन आगामी 12 अक्टूबर को पैदल चलते हुए अपने गृह ग्राम जारा पहुंचेंगे, जहां उनकी छह वर्षों से जारी भारत भ्रमण पैदल यात्रा का विधिवत समापन होगा। उनकी इस अनूठी यात्रा को लेकर क्षेत्रवासियों में भी उत्साह है।
